एसपी आदित्य लांग्हे का अलीनगर थाने पर औचक निरीक्षण,
यक्ष ऐप के उपयोग और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश
चंदौली। पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे ने मंगलवार की रात थाना अलीनगर क्षेत्र में ड्यूटियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति, सतर्कता और पुलिस कार्यों के प्रति उनकी सक्रियता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस कर्मियों को रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने तथा डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता और सतर्कता बेहद जरूरी है।
यक्ष ऐप के उपयोग की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने डिजिटल पुलिसिंग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यक्ष ऐप के उपयोग की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बीट अधिकारी यक्ष ऐप का नियमित और प्रभावी ढंग से प्रयोग करें।
एसपी ने कहा कि संदिग्ध और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की कार्रवाई समय से ऐप पर अपडेट की जाए, ताकि पुलिस को क्षेत्र की गतिविधियों की सटीक जानकारी मिल सके। डिजिटल वेरिफिकेशन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की भी सख्त हिदायत दी गई।
नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्ती के निर्देश
एसपी आदित्य लांग्हे ने नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में अपराध और नशे पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत दी गई।
रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने रात्रि गश्त को और अधिक सुदृढ़ करने तथा संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीक आवर्स के दौरान पैदल गश्त पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।
इसके साथ ही अपराधियों के डाटाबेस को अपडेट रखने और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क को और विस्तार देने के निर्देश दिए गए।




