चंदौली में होली से पहले बवाल, दरोगा पर हमला कर वर्दी फाड़ी – आरोपी फरार ,बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर
चंदौली। होली पर्व की शुरुआत से पहले ही जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। अलीनगर थाना क्षेत्र की डीजल कॉलोनी में शराब ठेके और होलिका स्थल के पास ड्यूटी पर तैनात एक दरोगा पर शराब के नशे में धुत युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने दरोगा को घेरकर बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक दिनेश सिंह क्षेत्र में डीजे बंद कराने और होलिका स्थल की निगरानी के लिए पहुंचे थे। होलिका के पास कुछ युवक पटाखे छोड़ रहे थे और तेज आवाज में डीजे बज रहा था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमों का पालन कराने की कोशिश की। इसी दौरान दरोगा दिनेश सिंह स्थिति की फोटो खींच रहे थे, जिसका कुछ युवकों ने विरोध किया और अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

बताया जाता है कि युवकों ने दरोगा को घेरकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई। सेकेंड मोबाइल के चालक हेड कांस्टेबल अनिल यादव के साथ भी हाथापाई की गई। एक दीवान का हाथ फ्रैक्चर होने की भी सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अलीनगर और मुगलसराय कोतवाली की फोर्स मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों के पहुंचते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग वहां से हट गए।

घायल दरोगा को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, परशुरामपुर निवासी मुकेश चौहान, कमलेश और गौतम समेत कुछ अन्य की पहचान की गई है। सभी आरोपी आपस में भाई बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके घरों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार मिले।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। होली पर्व को देखते हुए जिले में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।




