भाजपा सरकार पर तानाशाही का आरोप, गांव-गांव अभियान चलाने का ऐलान

रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए पुलिसिया लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी व शहर कांग्रेस मुगलसराय के संयुक्त तत्वावधान में धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के हित में शुरू की गई महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर किया जा रहा है।

जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि लखनऊ में “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर सरकार ने अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर भाजपा सरकार की नीतियों को उजागर करेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।
धरना-प्रदर्शन में बृजेश गुप्ता, मधु राय, गंगा प्रसाद, तरुण पांडेय, सतीश बिंद, राजेंद्र गौतम, दयाराम पटेल, भवानी शरण सिंह, राहुल, प्रदीप मिश्रा, राधेश्याम यदुवंशी, मदन लाल, गौरव मिश्रा, चंद्रवंश यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया।

