आवंटित धन कमीशनखोरी की भेंट चढ़ने का आरोप, जांच की मांग,
रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली: तहसील सदर परिसर में प्रस्तावित डीलक्स शौचालय का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़े होने से नाराज अधिवक्ताओं ने शनिवार को प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि शौचालय निर्माण के लिए आवंटित धन कमीशनखोरी की भेंट चढ़ गया, जिसके कारण एक वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका।
अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने कहा कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का दावा किया जा रहा है, लेकिन हकीकत इसके विपरीत है। संयुक्त बार एसोसिएशन के अनुरोध पर लगभग एक वर्ष पूर्व तहसील सदर प्रांगण में डीलक्स शौचालय निर्माण का शिलान्यास मुगलसराय विधायक द्वारा किया गया था। यह शौचालय विधायक निधि से बनाया जाना था, लेकिन आज तक केवल इसकी नींव ही तैयार हो सकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शौचालय की नींव डालने में जितना धन खर्च हुआ है, उससे अधिक राशि नेम प्लेट और बोर्ड लगाने में खर्च कर दी गई। इसके चलते निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका और अधिवक्ताओं व वादकारियों को मूलभूत सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है।
अधिवक्ताओं ने मांग की कि विधायक निधि से आवंटित धन की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कराकर डीलक्स शौचालय का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि तहसील परिसर में आने वाले लोगों को सुविधा मिल सके।
इस दौरान लक्ष्मण तिवारी, अनंत सिन्हा, शरद यादव, मुकेश कुमार और ललित शर्मा सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।




