रनिंग रूमों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुधार के दिए निर्देश
रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने शनिवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जंक्शन परिसर एवं आसपास स्थित विभिन्न रनिंग रूमों की व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने रनिंग रूम नंबर 555 (इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी के निकट), रनिंग रूम नंबर 556 (डिविजनल अस्पताल के समीप), रनिंग रूम नंबर 17 तथा टीटीई रनिंग रूम (डीआरएम कार्यालय के निकट) का जायजा लिया। उन्होंने भवन की संरचनात्मक स्थिति, स्वच्छता, आवासीय सुविधाएं, रसोई व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं स्नानघर की स्थिति, सुरक्षा उपाय तथा स्टाफ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया।
मंडल रेल प्रबंधक ने रनिंग स्टाफ के लिए उपलब्ध आराम और रेल संरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान वर्तमान सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं।
हालांकि, छोटे-मोटे सुधार, अतिरिक्त रखरखाव और कुछ सुविधाओं में सॉफ्ट अपग्रेड के माध्यम से सेवाओं को और बेहतर बनाने की संभावनाओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मंडल के संबंधित अधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

