शासन के निर्देश के बाद कलेक्ट्रेट में समयबद्ध उपस्थिति,

रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। शासन के निर्देश के बाद अब जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग सुबह 10 बजने से पूर्व ही कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में पहुंच जा रहे हैं। पूर्व में जहां फरियादियों को मिलने में कठिनाई होती थी, वहीं अब निर्धारित समय पर डीएम के बैठने से लोगों को काफी राहत मिल रही है।
10 से 12 बजे तक जनसुनवाई पर विशेष फोकस
बताया जा रहा है कि शासन की ओर से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को सुबह 10 से 12 बजे तक अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनने के निर्देश दिए गए हैं। गुरुवार को दूर-दराज से आए लोगों ने बताया कि समय से जनसुनवाई होने के कारण उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो रहा है।

सीसीटीवी से निगरानी, त्वरित निस्तारण का दावा
शासन स्तर से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से उपस्थिति की निगरानी भी की जा रही है। निर्देश है कि अधिकारी समयबद्ध रूप से कार्यालय में बैठकर शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।
समय से जनसुनवाई शुरू होने से कलेक्ट्रेट में अब फरियादियों की भीड़ व्यवस्थित ढंग से अपनी बात रख पा रही है और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता की झलक दिखाई दे रही है।

