मुगलसराय व चन्दौली पुलिस की संयुक्त सख्ती, चार तस्कर गिरफ्तार, 24 लाख से अधिक की खेप जब्त
चन्दौली एक्सप्रेस | चन्दौली ,जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों में कुल 93.350 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
तस्कर पुलिस से बचने के लिए गांजे को चिप्स-बिस्कुट के पैकेटों व जले हुए मोबिल के ड्रमों के बीच छिपाकर परिवहन कर रहे थे।
पहली कार्रवाई : चिप्स-बिस्कुट के पैकेटों में छिपी 55 किलो गांजा खेप बरामद

थाना चन्दौली व स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एनएच-19 स्थित बड़े साहब ढाबा के पास एक पिकअप वाहन से कुल 55.350 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
बताया गया कि 16 मार्च की रात करीब 10 बजे पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध पिकअप वाहन तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ी है। जांच के दौरान वाहन में चिप्स व बिस्कुट के पैकेटों के बीच छिपाकर रखे गए 53 बंडल गांजा बरामद हुए।
इस मामले में वाहन चालक विशाल दुबे (दिल्ली) और परिचालक बव्बन सिंह (बक्सर, बिहार) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि गांजा टेंगरा मोड़ से लादकर चौसा (बिहार) ले जाया जा रहा था।
दूसरी कार्रवाई : मोबिल ड्रमों में छिपाकर ले जाई जा रही 38 किलो गांजा पकड़ी

वहीं थाना मुगलसराय पुलिस ने चकिया तिराहे के पास सघन चेकिंग के दौरान एक टाटा मैजिक वाहन से 38 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार तस्कर गांजे को जले हुए मोबिल के ड्रमों के अंदर छिपाकर वाराणसी ले जा रहे थे। वाहन की तलाशी में कुल 38 पैकेट गांजा बरामद हुआ।
इस मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान निरंजन कुमार व राजू कुमार (दोनों निवासी भोजपुर, बिहार) के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने बताया कि गांजा मध्य प्रदेश के हनुमना से वाराणसी सप्लाई किया जाना था।
चार तस्कर गिरफ्तार, दो वाहन जब्त
दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल चार तस्करों को गिरफ्तार करते हुए , 93.350 किलोग्राम अवैध गांजा, एक पिकअप वाहन,
एक टाटा मैजिक वाहन, 5 मोबाइल फोन, नकदी बरामद की है।
दोनों मामलों में संबंधित थानों पर NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान जारी, नेटवर्क की तलाश
पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जनपद में अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार तस्करों के आपराधिक इतिहास और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।



