चकिया। द्विवेदी आईटीआई कॉलेज एवं समन्यु महिला विद्यालय में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सदस्य डॉ. एके. वर्मा का आगमन हुआ। उनके आगमन पर शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक वातावरण और अनुशासन की सराहना की गई। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
डॉ. वर्मा ने द्विवेदी आईटीआई कॉलेज के विभिन्न तकनीकी विभागों का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रयोगशालाओं तथा छात्रों को दी जा रही व्यावहारिक शिक्षा की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है और आईटीआई जैसे संस्थान ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए रोजगार के नए अवसर खोलते हैं।

समन्यु महिला विद्यालय में छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ. वर्मा ने कहा कि शिक्षा ही महिलाओं के सशक्तिकरण का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने छात्राओं से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर उपयोगी सुझाव भी दिए।
इसके उपरांत डॉ. वर्मा ने राजदरी जलप्रपात का भ्रमण किया। प्राकृतिक सौंदर्य से अभिभूत होकर उन्होंने कहा कि राजदरी जलप्रपात क्षेत्र पर्यटन की अपार संभावनाएं रखता है और इसके संरक्षण व विकास की दिशा में निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
इस दौरान सुरेन्द्र द्विवेदी,रौशन द्विवेदी, एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

