एक घंटे की मशक्कत के बाद केबिन से निकाला गया बाहर
इलाज के दौरान तोड़ा दम

चंदौली।
सदर कोतवाली क्षेत्र के पचफेड़वा गांव के समीप नेशनल हाईवे पर मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रेलरों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रेलर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने किया बचाव का प्रयास
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और चालक को केबिन से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद तत्काल पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सूचना दी गई।
एक घंटे बाद निकाला गया चालक
मौके पर पहुंची पुलिस व एनएचएआई की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई।
बिहार से वाराणसी जा रहा था ट्रेलर
मृतक चालक की पहचान राजस्थान निवासी राशिद खान के रूप में हुई है। बताया गया कि वह बिहार से लोहे की मशीन लादकर वाराणसी की ओर जा रहा था। पचफेड़वा गांव के पास आगे चल रहे ट्रेलर के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रहे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस का बयान
थाना अध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि दो ट्रेलरों की टक्कर में चालक की इलाज के दौरान मौत हुई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

