महिला सशक्तिकरण व बालिका शिक्षा पर जोर
जिलास्तरीय विजेता छात्रा रुचि कुमारी सम्मानित

शहाबगंज (चंदौली) विकास खंड क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय भोड़सर परिसर में मानव संस्थान, महिला विकास संस्थान एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षा मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं व क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। मेले का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार एवं मृत्युंजय पांडे महिला महाविद्यालय के प्रबंधक चंद्रशेखर पांडेय व प्रधान प्रतिनिधि सत्येंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान जनजागरूकता वाहन को भी रवाना किया गया, जो क्षेत्र में शिक्षा एवं महिला कल्याण संबंधी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगा।
छात्राओं ने सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। शिक्षा की महत्ता पर आधारित नाटक ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। नाटक के माध्यम से बेटियों की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

महिला कल्याण विभाग की ओर से बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य व आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने कहा कि शिक्षा मेला का उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। जब बेटियां शिक्षित होंगी, तभी राष्ट्र प्रगति करेगा।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्रा रुचि कुमारी को जिलास्तरीय प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक जैनेन्द्र लाल कौल, प्रबंध समिति अध्यक्ष मदन, राम विलास प्रसाद, गोपाल शर्मा, रंजीत कुमार, मुकेश कुमार, तनवीर, शिवम, महिला कांस्टेबल नीतू भारती, प्रीति कुमारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन नामवर सिंह ने किया।

