खबर छपते ही हरकत में आया बिजली विभाग, तीन दिन बाद जर्जर पोल की मरम्मत
हादसे की आशंका टली: प्राथमिक विद्यालय के पास जर्जर पोल को कराया गया ठीक

शहाबगंज (चंदौली)। क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब दिखाई देने लगा है। चंदौली एक्सप्रेस पोर्टल पर तीन दिन पहले प्रमुखता से जर्जर विद्युत पोल की खबर प्रकाशित होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। मंगलवार को अवर अभियंता संजीव कुमार की देखरेख में 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के जर्जर लोहे के पोल की मरम्मत कराई गई, जिससे संभावित हादसे का खतरा टल गया।
बताया जाता है कि चकिया से निकलकर शहाबगंज पावर हाउस तक आने वाली 33 हजार वोल्ट की लाइन का एक लोहे का पोल बड़गावां प्राथमिक विद्यालय के पास काफी जर्जर हो चुका था। पोल के निचले हिस्से में बड़ा छेद हो गया था और वह कभी भी गिर सकता था। इसके ठीक पास मकान और प्राथमिक विद्यालय होने के कारण ग्रामीणों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा बना हुआ था।
ग्रामीणों का कहना था कि इस जर्जर पोल की शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद इस मुद्दे को चंदौली एक्सप्रेस पोर्टल पर प्रमुखता से प्रकाशित किया गया, जिसके बाद विभाग हरकत में आया।
मंगलवार को बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अवर अभियंता संजीव कुमार की मौजूदगी में जर्जर पोल की मरम्मत कर उसे सुरक्षित किया गया। कार्य के दौरान कर्मचारियों ने पोल के कमजोर हिस्से को मजबूत करते हुए आवश्यक तकनीकी सुधार किए, जिससे अब गिरने का खतरा काफी हद तक खत्म हो गया है।
इस संबंध में अवर अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि जर्जर पोल की सूचना पहले ही मिल चुकी थी और उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया था। होली के त्योहार के कारण कार्य में थोड़ी देरी हुई, लेकिन अब पोल की मरम्मत कर दी गई है और क्षेत्र की अन्य लाइनों की भी जांच की जा रही है।
पोल की मरम्मत होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़े हादसे की आशंका टल गई। साथ ही उन्होंने बिजली विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में अन्य जर्जर पोलों की भी जल्द जांच कर उन्हें बदला जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।इस दौरान बिजली कर्मचारी मनोज कुमार विश्वकर्मा, महानंद मौजूद थे।




