भारत-न्यूजीलैंड मैच के दौरान बिजली कटौती नहीं होने देने के आदेश
चंदौली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले आईसीसी टी-20 विश्व कप फाइनल मैच को देखते हुए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पूविविनिलि) ने बिजली व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने सभी मंडलों और खंडों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मैच के दौरान कहीं भी बिजली आपूर्ति बाधित न हो और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता (तकनीकी) वाराणसी की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। जारी पत्र में कहा गया है कि रविवार को होने वाले आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच को देखते हुए आठ मार्च को बिजली आपूर्ति सुचारु बनाए रखना बेहद जरूरी है। मैच के दौरान बड़ी संख्या में लोग टीवी और अन्य माध्यमों से मुकाबला देखेंगे, ऐसे में बिजली कटौती से लोगों में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
कई मंडलों को भेजा गया निर्देश

जारी पत्र में वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़ और बस्ती मंडल के मुख्य अभियंताओं को निर्देश भेजे गए हैं। उनसे कहा गया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की नियमित निगरानी करें और अधीनस्थ अधिकारियों तथा कर्मचारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दें। किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी या फॉल्ट की स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर उसे ठीक कराया जाए।
बिजली विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मैच के दौरान आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में कानून-व्यवस्था की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। इसलिए सभी अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और बिजली व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय स्तर पर भी निगरानी के निर्देश
पूविविनिलि की ओर से अधिशासी अभियंताओं, सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को भी अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा गया है। साथ ही ट्रांसफार्मर, लाइन और अन्य विद्युत उपकरणों की स्थिति पर नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली विभाग का कहना है कि मैच के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।




