
चंदौली
बलुआ थाना क्षेत्र के रमौली गांव स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से चोरों ने देर रात राधा-कृष्ण की प्राचीन प्रतिमाएं चोरी कर लीं। घटना की जानकारी सुबह तब हुई, जब पुजारी गौरीशंकर मिश्रा पूजा के लिए मंदिर पहुंचे और प्रतिमाएं गायब पाईं। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने मोहनगंज पुलिस चौकी को अवगत कराया।
सूचना पर जांच शुरू
खबर मिलते ही चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की।
ग्रामीणों के अनुसार, रमौली-सुरतापुर गांव का यह राधा-कृष्ण मंदिर करीब 400 वर्ष पुराना है।
पहले भी हो चुकी है चोरी
यह पहला मामला नहीं है। वर्ष 2015 में भी मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण की अष्टधातु की मूर्ति चोरी हो चुकी है, जिसका आज तक पता नहीं चल सका। कुछ दिन पहले मंदिर से घंटा भी गायब हुआ था।
ग्रामीणों में आक्रोश
मंदिरों में लगातार हो रही चोरी से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात की गश्त केवल औपचारिकता बनकर रह गई है और हूटर बजने से चोर सतर्क हो जाते हैं। इससे अराजक तत्वों के हौसले बढ़े हैं।
खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोरी का खुलासा नहीं हुआ, तो वे धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। पुजारी गौरीशंकर मिश्रा ने मोहनगंज चौकी में तहरीर दी है।
पुलिस का बयान
थानाध्यक्ष बलुआ अतुल कुमार, ने बताया कि पुलिस टीम मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द खुलासा किया जाएगा।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आमजन भयभीत हैं।

