जायद सीजन में बुवाई का उपयुक्त समय, राजकीय बीज भंडारों पर HQPM-5 प्रजाति उपलब्ध
रिपोर्ट मनोज सिंह, चन्दौली |
जायद सीजन में मक्का की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को हाइब्रिड मक्का बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। यह सुविधा त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम और संकर बीजों के उपयोग को बढ़ावा देने की योजना के तहत उपलब्ध कराई गई है। किसान अपने नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडार से इसका लाभ उठा सकते हैं।
जिला कृषि विभाग के अनुसार वर्तमान समय जायद मक्का की बुवाई के लिए सबसे उपयुक्त माना जा रहा है। राजकीय कृषि बीज भंडारों पर HQPM-5 प्रजाति का हाइब्रिड मक्का बीज उपलब्ध है, जिसका विक्रय मूल्य 285 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है। इस पर किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि जायद सीजन में मक्का की खेती करने वाले किसान अपने विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क कर अनुदान पर बीज प्राप्त कर सकते हैं। बीज का वितरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बीज खरीदते समय किसानों को पूरा मूल्य जमा करना होगा। इसके बाद अनुदान की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे किसान के बैंक खाते में भेज दी जाएगी। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए किसानों को आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।



