कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में 317 से अधिक किसान व कृषि सखियों ने किया प्रतिभाग
रिपोर्ट मनोज सिंह चंदौली
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों के खातों में 22वीं किश्त के हस्तांतरण का सजीव प्रसारण असम के खानापारा (गुवाहाटी) से किया गया। इस अवसर पर चंदौली स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को लाइव प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों और कृषक महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 317 से अधिक किसान व कृषक महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह रहे। उन्होंने उपस्थित किसानों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के माध्यम से किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे खेती-किसानी के कार्यों में उन्हें काफी मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं चला रही है। किसानों को इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के साथ ही असम के राज्यपाल और मुख्यमंत्री का संदेश भी किसानों ने सजीव प्रसारण के माध्यम से सुना।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी, उप निदेशक कृषि भीमसेन और जिला कृषि अधिकारी विनोद यादव ने किसानों को सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं, आधुनिक खेती की तकनीकों और कृषि में हो रहे नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को उन्नत खेती अपनाने और नई तकनीकों के प्रयोग से उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के इंजीनियर मानसिंह, अरुण सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिले से चयनित 44 कृषि सखी/सीआरपी ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
वैज्ञानिक अभय दीप गौतम और चंदन सिंह ने किसानों को फसल प्रबंधन, उन्नत बीजों के उपयोग और खेती में आधुनिक तकनीकों के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने उत्साह के साथ सजीव प्रसारण देखा और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त की।




