खरीद में अनियमितता का आरोप
सपा के पूर्व विधायक ने प्रशासन को घेरा,
रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। जनपद में धान खरीद को लेकर सियासत तेज हो गई है। मनोज सिंह डब्लू ने शनिवार को किसानों के मुद्दे पर प्रशासन को घेरते हुए धान खरीद व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि “धान के कटोरे” कहे जाने वाले जिले में भाजपा सरकार ने धान खरीद का लक्ष्य घटा दिया है। साथ ही कहा कि किसानों से सीधे खरीद के बजाय बिचौलियों के माध्यम से लक्ष्य पूरा किया जा रहा है, जिससे वास्तविक किसान परेशान हैं।
सोमवार को धान के साथ पहुंचने का आह्वान
पूर्व विधायक ने किसानों से आह्वान किया कि वे सोमवार को अपनी धान की उपज के साथ डिप्टी आरएमओ कार्यालय पहुंचें। उन्होंने दावा किया कि मौके पर ही धान का तौल कराकर किसानों को भुगतान दिलाने का प्रयास करेंगे।
उनका कहना है कि प्रतिनिधि किसान लगातार धान खरीद न होने की शिकायतें लेकर उनके पास आ रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार कागजों पर सब कुछ ठीक है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि किसान अपनी उपज बेचने के लिए भटक रहा है।
“मुकदमों से नहीं दबेगी आवाज”
मनोज सिंह डब्लू ने दावा किया कि जनहित के मुद्दों को उठाने पर उनके खिलाफ 17 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। उन्होंने आशंका जताई कि सोमवार को किसानों की आवाज उठाने पर 18वां मुकदमा भी दर्ज किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन जिम्मेदारी से धान खरीद सुनिश्चित करता, तो किसानों को डिप्टी आरएमओ कार्यालय पर जुटने की आवश्यकता नहीं पड़ती। साथ ही सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसान परेशान है, लेकिन जिम्मेदार लोग चुप हैं।
अब देखना होगा कि सोमवार को डिप्टी आरएमओ कार्यालय पर किसानों की मौजूदगी और प्रशासन की प्रतिक्रिया क्या रुख लेती है।

