प्रशासन से पीड़ित परिवार ने लगाई मदद की गुहार
शहाबगंज (चंदौली)। विकासखंड शाहबगंज क्षेत्र के कोड़िहार ग्राम सभा की पिछवरिया बस्ती मे अचानक आग लगने से एक मड़ईनुमा घर जलकर राख हो गया। इस घटना में घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे परिवार बेघर हो गया है। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोड़िहार गांव के निवासी गुड्डू बनवासी के मड़ईनुमा घर में देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तब तक घर में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

आग की इस घटना में गुड्डू बनवासी के घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर और अन्य जरूरी घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने की समस्या खड़ी हो गई है। आगजनी की इस घटना से पूरा परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गुड्डू बनवासी का परिवार अत्यंत गरीब है और इस आगजनी की घटना से उन्हें भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार की हालत बहुत खराब है, इसलिए प्रशासन को तत्काल राहत उपलब्ध कराते हुए उनके रहने की व्यवस्था करनी चाहिए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मदद नहीं मिली तो पीड़ित परिवार को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना की जांच कर पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि उनका जीवन फिर से सामान्य हो सके।




