डीजे बंद कराने व विसर्जन रूट बदलने को लेकर हुआ था हंगामा, पुलिस से तीखी नोकझोंक

चंदौली
सैयदराजा कस्बे में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे की तेज आवाज और तय रूट से हटकर जुलूस ले जाने को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ समेत चार नामजद और दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शांति भंग करने सहित आठ गंभीर धाराओं में केस पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी है।

सोमवार देर रात प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था और जुलूस तय मार्ग से हटाने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस द्वारा डीजे की आवाज कम कराने और निर्धारित रूट से ही विसर्जन कराने का निर्देश दिए जाने पर कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गया। इससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।

बताया जा रहा है कि इस दौरान पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया, जिससे पुलिस अधिकारियों और उनके बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल के साथ स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने पूजा आयोजक दीपक, अयोध्या जनपद के मिल्कीपुर निवासी डीजे संचालक शुभम गुप्ता, आशीष समेत अन्य को नामजद करते हुए 60 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आरोपितों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान खंगाले जा रहे हैं।

इस संबंध में सीओ सदर देवेन्द्र कुमार ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी भी सूरत में नरमी नहीं बरती जाएगी। शांति व्यवस्था भंग करने, पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करने और भीड़ को उकसाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

