कम मानदेय और 24 घंटे ड्यूटी का उठाया मुद्दा, समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
रिपोर्ट मनोज सिंह चंदौली
सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू शुक्रवार को एक बार फिर जल निगम कार्यालय पहुंचे और जल जीवन मिशन के तहत ठेका प्रथा पर कार्यरत ऑपरेटर कम चौकीदारों की समस्याओं को उठाया। उन्होंने अधिकारियों से मिलकर ऑपरेटरों की कार्य स्थिति और कम मानदेय को लेकर नाराजगी जताई। इस दौरान एसडीएम से हुई टेलीफोनिक वार्ता में उन्हें बताया गया कि ऑपरेटरों की समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी, जल निगम के एक्सईएन और ठेका प्राप्त कंपनियों के अधिकारियों के बीच बैठक चल रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि चार दिन के भीतर इस मामले में ठोस पहल की जाएगी।

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि जिले में बनी पानी की टंकियों पर तैनात ऑपरेटर कम चौकीदारों से मात्र पांच हजार रुपये में 24 घंटे ड्यूटी कराई जा रही है। यह न केवल श्रम कानूनों का उल्लंघन है, बल्कि मानवीय दृष्टि से भी गलत है। उन्होंने कहा कि इस लापरवाही से जल निगम के अधिकारियों और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ठेका प्राप्त कंपनियों को आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए अधिकारी जानबूझकर कार्रवाई से बच रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर स्वच्छ जल पहुंचाने के नाम पर बड़े स्तर पर गड़बड़ी की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। कंपनियों को पानी की टंकियों का निर्माण, पाइप लाइन बिछाने और 10 वर्षों तक संचालन व रखरखाव का ठेका दिया गया है, जिसमें हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि पांच वर्ष बीत जाने के बाद भी जिले के कई गांवों में घर-घर पानी पहुंचाने का कार्य पूरी तरह शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 17 मार्च तक ऑपरेटरों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उसी दिन आंदोलन की रणनीति तय कर उसे अमल में लाया जाएगा। वहीं, जल निगम के एक्सईएन ने 17 मार्च तक इस मामले में उचित कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिया है।




