रंजिश में बरसी गोलियां, सहजौर गांव में तनाव; एक की हालत गंभीर, एसपी ने संभाली कमान
चंदौली। चंदौली जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सहजौर गांव के समीप हाईवे किनारे शनिवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में चार युवक गोली लगने से घायल हो गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सभी घायलों को वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर बीएचयू में भर्ती कराया गया है, जहां एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सुबह हुआ विवाद, रात में चली गोलियां

जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के पुरवा गांव निवासी गोलू यादव (26) इन दिनों सहजौर गांव में अपने मामा जयप्रकाश यादव के यहां रह रहा था। शनिवार सुबह गांव के कुछ लोगों से उसका किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दिन में मामला शांत हो गया, लेकिन देर रात उसी रंजिश में एक युवक ने गोलू यादव पर फायर झोंक दिया।
बीच-बचाव में पहुंचे युवक भी बने निशाना
गोली की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बीच-बचाव करने पहुंचे सोनू यादव, कृष्णा यादव और अक्षय यादव भी हमलावरों की गोली का शिकार हो गए। अचानक हुई फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी

घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहन से सभी घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार गोलू यादव की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है।
एसपी आदित्य लांग्हे पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि चार लोगों को गोली लगी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे देर रात स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली तथा घायलों के परिजनों से बातचीत कर आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात

एसपी ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलन भी कराया गया है। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस की सक्रियता से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।




