कानून व्यवस्था, धान खरीद व एसआईआर को लेकर डीएम-एसपी से की मुलाकात,
रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली।समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने सोमवार को प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर जनपद के विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था, विकास कार्यों की गति, धान खरीद में अनियमितता तथा एसआईआर से जुड़े मामलों पर अधिकारियों से वार्ता की गई है।
किराए के भवनों में चल रहे कार्यालयों के लिए भूमि आवंटन की मांग

सांसद ने कहा कि जनपद में कई सरकारी विभाग अब भी किराए के भवनों में संचालित हो रहे हैं, जिससे आमजन को समुचित सुविधाएं नहीं मिल पा रहीं। उन्होंने मांग की कि ऐसे सभी विभागों के लिए स्थायी रूप से भूमि आवंटित की जाए, ताकि सुव्यवस्थित भवन निर्माण कर कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि जब मूलभूत सुविधाएं ही उपलब्ध नहीं होंगी तो विकास की गति कैसे बढ़ेगी।
तस्करी के मामलों पर उठाए सवाल
सांसद ने कहा कि बिहार सीमा से सटे होने के कारण जिले में शराब, गांजा और पशु तस्करी के मामले सामने आते रहते हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि तस्करों से जब्त की गई शराब का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए। साथ ही गुंडा एक्ट और गैंगेस्टर एक्ट के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा। उनका आरोप था कि कार्रवाई में पारदर्शिता आवश्यक है।
धान खरीद में अनियमितता का आरोप
उन्होंने धान खरीद प्रक्रिया में गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सहकारिता विभाग से जुड़े मामलों में अनियमितता की शिकायतें मिली हैं। आरोप लगाया कि क्रय केंद्र संचालन में पारदर्शिता का अभाव रहा है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
एसआईआर को लेकर भी जताई आपत्ति
सांसद ने एसआईआर प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ गांवों में फार्म-7 के माध्यम से नाम काटने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की भी निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि किसी वर्ग विशेष के साथ अन्याय न हो।सांसद ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा और प्रशासन से अपेक्षा है कि पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान विधायक प्रभु नारायण यादव, सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर , संतोष यादव, सिविल बार अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह, मुसाफिर चौहान, चंद्रशेखर यादव, छोटू तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




