कार्टून पिचकारी और हर्बल रंगों की बढ़ी मांग,
रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। होली का पर्व करीब आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। मुगलसराय स्थित सुभाष पार्क के सामने इन दिनों रंग-बिरंगी पिचकारियों, गुलाल, अबीर और होली उपहारों की अस्थायी दुकानें सज गई हैं। सुबह से देर शाम तक खरीददारों की भीड़ उमड़ रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में त्योहार जैसा माहौल दिख रहा है।
दुकानदारों के अनुसार इस बार बच्चों के लिए कार्टून आकार की पिचकारियां, टैंक वाली बड़ी पिचकारियां और हर्बल रंगों की मांग ज्यादा है। इसके अलावा पानी के गुब्बारे, रंगीन टोपी और प्रिंटेड टी-शर्ट भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।

अभिभावक बरत रहे सावधानी
खरीदारी करने पहुंचे अभिभावकों का कहना है कि वे बच्चों के लिए सुरक्षित और त्वचा-अनुकूल रंगों को प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं युवाओं में डीजे स्प्रे और फोम स्प्रे की मांग भी बढ़ी है।
प्रशासन अलर्ट, सफाई-सुरक्षा के निर्देश
त्योहार को देखते हुए नगर में सुरक्षा और साफ-सफाई की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। प्रशासन ने बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि भीड़भाड़ के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
होली के रंगों से सजा सुभाष पार्क क्षेत्र इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और पूरा इलाका उल्लास में सराबोर नजर आ रहा है।

