डीजे और बैंड बाजे पर झूमे लोग, पुलिस ने क्षेत्र में किया भ्रमण,
रिपोर्ट लोकपति सिंह, चकिया (चंदौली), चकिया कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को रंगों का पावन पर्व होली हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इलिया कस्बा, सैदूपुर, बरहुआं, शाहपुर, उसरी, सुल्तानपुर, सरैया, खरौझा बेन और बनारसिया सहित विभिन्न गांवों में लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे क्षेत्र में सुबह से ही ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर युवाओं की टोलियां झूमती नजर आईं।
सैदूपुर बाजार में दिखी अनोखी परंपरा
सैदूपुर बाजार में वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत इस बार भी अनोखी होली खेली गई। यहां दूल्हा और दुल्हन की झांकी सजाकर उन्हें रिक्शा पर बैठाया गया और डीजे व बैंड बाजे के साथ पूरे बाजार में जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान लोग नाचते-गाते हुए एक-दूसरे को लाल गुलाल लगाते नजर आए। बाजार में रंग और उमंग का माहौल देखते ही बन रहा था।
बरहुआं गांव में भी जमकर हुआ नृत्य
बरहुआं गांव में भी होली का उत्साह देखते ही बन रहा था। ग्रामीणों ने बैंड बाजे की धुन पर जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग और बच्चे भी रंगों के इस त्योहार में पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए।
होली मिलन समारोहों में दिखी भाईचारे की भावना

क्षेत्र के कई स्थानों पर होली मिलन समारोहों का भी आयोजन किया गया, जहां लोगों ने आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर रंग-गुलाल लगाया और मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
नक्के नक्के पर पुलिस रही मुस्तैद
होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चकिया कोतवाल अर्जुन सिंह ने क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की। पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरे क्षेत्र में होली का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।




