अबीर-गुलाल से सराबोर हुए नन्हें छात्र-छात्राएं, रंगोली, क्विज और डांस प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह
चकिया (चंदौली)। लेवा मवैया स्थित Rising Sun World School में रंगभरी एकादशी के पावन अवसर पर होली मिलन समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पूरे उत्साह के साथ रंगों का त्योहार मनाया।

सुबह से ही विद्यालय में उत्सव का माहौल बना रहा। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे छात्र-छात्राएं पारंपरिक गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। बच्चों ने आपसी प्रेम और भाईचारे का परिचय देते हुए एक-दूसरे को रंग लगाया। इस दौरान शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ शामिल होकर उनके उत्साह को दोगुना कर दिया।

विद्यालय के एम.डी. परवीन रुस्तम ने कहा कि होली का त्योहार प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर मिलजुल कर रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित और सावधानीपूर्वक होली खेलने की सलाह देते हुए प्राकृतिक रंगों के उपयोग पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों ने आकर्षक और सृजनात्मक डिजाइनों से सभी का मन मोह लिया। होली क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों ने त्योहार से जुड़ी परंपराओं और इतिहास की जानकारी साझा की। वहीं होली डांस प्रस्तुति में बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
समारोह के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में उल्लास और उमंग का माहौल बना रहा। अंत में सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। विद्यालय परिवार के लिए यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि बच्चों के लिए एक यादगार और आनंदमय अनुभव भी साबित हुआ।




