श्रद्धा व उल्लास के साथ हुआ होलिका दहन
चंदौली। जनपद सहित वनांचल इलाके सैदूपुर, उसरी, सुल्तानपुर, शाहपुर, बरहुआ, सरैया, बसाढी, मनकपड़ा, इलिया और करईल के सभी गांवों में मंगलवार को होलिका दहन श्रद्धा, विश्वास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। पूरे क्षेत्र में अमन-चैन और उत्साह का वातावरण बना रहा।
ग्रामीणों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर होली का चक्कर लगाया और “होली का होल्ला बाजे तूल” जैसे पारंपरिक नारों के साथ आस्था व्यक्त की। आधी रात के बाद शुभ मुहूर्त में होलिका में अग्नि प्रज्वलित की गई। इस दौरान पटाखों की गूंज और जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
परंपरा और उत्साह का अनूठा संगम
जिले से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में होलिका दहन को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। कई स्थानों पर युवाओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस भी निकाला।
लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र में शांति व समृद्धि की कामना की। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे, जिससे कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
चार मार्च को खेली जाएगी होली
ग्रामीणों ने बताया कि 4 मार्च को रंगों की होली खेली जाएगी। लोग सुबह से एक-दूसरे के घर जाकर गुलाल लगाकर शुभकामनाएं देंगे। इसके बाद घरों में बने पारंपरिक पकवानों—गुझिया, पापड़, दही-बड़ा आदि—का आनंद लिया जाएगा।
लोगो ने दिया सौहार्द का संदेश
होलिका दहन के इस पावन अवसर पर क्षेत्र में भाईचारा और सामाजिक समरसता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि होली का पर्व बुराइयों पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और इसे आपसी प्रेम व सद्भाव के साथ मनाना चाहिए।
पुलिस बल रहा मुस्तैद, थानाध्यक्ष करते रहे चक्रमण
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, सैदूपुर चौकी इंचार्ज अनिल कुमार पांडेय, थानाध्यक्ष इलिया, चंदन राय, थानाध्यक्ष शहाबगंज प्रियंका सिंह, पूरी रात चक्रमण करते रहे।
नहीं मिली कोई अप्रिय सुचना
किसी थाना क्षेत्र से होलिका दहन में कोई अनियमितता गैर परम्परा से दहन होने की अप्रिय सूचना कही से प्राप्त नही हुई




