59 वाहनों का चालान
ब्लैक फिल्म व नशेबाजी पर पुलिस की सख्ती, 45 लोगों पर कार्रवाई

चंदौली। जनपद में आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस द्वारा जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में सभी थानाध्यक्षों एवं प्रभारी निरीक्षकों ने मोर्चा संभाला।
जगह-जगह बैरियर लगाकर जांच
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों व मार्गों पर बैरियर लगाकर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वालों को मौके पर ही चिन्हित किया गया।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, तीन सवारी, चारपहिया वाहनों में ब्लैक फिल्म, शराब पीकर वाहन चलाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने वालों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की गई।
59 वाहनों का चालान, 45 पर केस
पुलिस के अनुसार अभियान में ब्लैक फिल्म लगे 8 वाहनों सहित कुल 59 वाहनों का चालान किया गया। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर नशेबाजी करने वाले 45 व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस प्रशासन ने बताया कि जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

