कालाबाजारी रोकने को पुलिस सतर्क, सिलेंडर वितरण और सुरक्षा मानकों पर दिए कड़े निर्देश
शहाबगंज चंदौली: पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में शनिवार को शहाबगंज थाना परिसर में गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज ने की। इसमें गैस सिलेंडर की आपूर्ति, वितरण व्यवस्था तथा सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया गया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति निर्धारित दरों और शासन द्वारा तय नियमों के अनुसार ही की जाए। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज ने स्पष्ट रूप से कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए ही दिया जाए। किसी भी दुकानदार, होटल या व्यावसायिक प्रतिष्ठान को घरेलू सिलेंडर उपलब्ध न कराया जाए। यदि इस प्रकार की शिकायत या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित एजेंसी संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि गैस सिलेंडर के भंडारण, परिवहन और वितरण के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। साथ ही गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर यदि किसी प्रकार की अफवाह फैलती है तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें और उपभोक्ताओं को सही जानकारी उपलब्ध कराएं।
बैठक में थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह, उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव, रामचंद्र शाही, सुभाष त्रिपाठी, सुरेश सोनकर सहित क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों के संचालक उपस्थित रहे।




