वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में 39 विभागों ने लगाए स्टॉल
रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में रविवार को पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशासनिक न्यायमूर्ति, उच्च न्यायालय इलाहाबाद हरवीर सिंह ने किया।
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से कुल 39 स्टॉल लगाए गए, जहां पेंशन, श्रम, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक कल्याण समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। न्यायमूर्ति हरवीर सिंह व जनपद एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दिवाकर प्रसाद चतुर्वेदी ने स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
न्यायमूर्ति ने कहा कि आमजन, विशेषकर निर्धन, दिव्यांग, महिलाएं, श्रमिक, अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पीड़ित व असहाय लोगों को सुलभ एवं निःशुल्क न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर न्यायाधीश किरण पाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, एसडीएम सदर दिव्या ओझा, सीएमओ डॉ. वाई.के. राय, क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार, प्राचार्य सुकृति मिश्रा सहित अन्य अधिकारी व अधिवक्ता उपस्थित रहे।

