एसओजी व पुलिस की छापेमारी में डीजल से भरे ड्रम और दो टैंकर जब्त, फरार आरोपियों की तलाश तेज
चंदौली। जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में अवैध तेल कारोबार के खिलाफ पुलिस और एसओजी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गोदाम पर छापा मारा। संयुक्त अभियान के दौरान मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई इंडियन ऑयल डिपो गेट के पास जीटी रोड किनारे स्थित एक गोदाम में की गई, जहां अवैध रूप से तेल की कटिंग और भंडारण किया जा रहा था। टीम के पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान करीब एक दर्जन ड्रम में भरा डीजल बरामद किया गया। इसके अलावा डीजल से लदे दो टैंकरों को भी कब्जे में लेकर सील कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की गई। एसओजी वाराणसी की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 स्थित सादी वर्दी में पहुंचकर दबिश दी। मौके से पकड़े गए तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार लोगों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। बरामद डीजल और टैंकरों को थाने लाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इधर, इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर अवैध तेल कारोबार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से यह धंधा चल रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।




