विस्फोट कांड की जांच में आया नया मोड़, जौनपुर पुलिस की जांच के बाद हुई कार्रवाई
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज निवासी खुशबू किन्नर को पुलिस ने रंगदारी मांगने, साजिश रचने और सड़क जाम कराने जैसे गंभीर आरोपों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मोहरगंज इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर लगातार गश्त कराई जा रही है।
बताया जा रहा है कि कुछ माह पूर्व मोहरगंज स्थित किन्नरों के एक आवास को विस्फोट से उड़ा दिया गया था। इस घटना के बाद खुशबू किन्नर ने अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू, विकास सिंह समेत करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले को लेकर किन्नर समुदाय ने पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बनाने के लिए चहनिया में घंटों चक्काजाम भी किया था। पुलिस ने उस समय नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि विकास सिंह ने बाद में कोर्ट में सरेंडर किया था।
इस मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब आरोपी पक्ष के परिजनों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कुछ साक्ष्य प्रस्तुत किए। परिजनों ने आरोप लगाया कि खुशबू किन्नर ने पुलिस की मिलीभगत से खुद पर हमले और विस्फोट की साजिश रची थी। आरोप यह भी लगाया गया कि अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू से शादी का दावा करने वाली खुशबू किन्नर मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम की मांग कर रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन स्तर से कार्रवाई करते हुए तत्कालीन बलुआ थाना प्रभारी अतुल प्रजापति को हटा दिया गया और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच एडीजी के निर्देश पर जौनपुर पुलिस को सौंप दी गई। जौनपुर पुलिस द्वारा की गई जांच और उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद चंदौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खुशबू किन्नर को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि खुशबू किन्नर को धमकी देकर रंगदारी मांगने और नियमों के विरुद्ध सड़क जाम करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच अभी भी जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, खुशबू किन्नर की गिरफ्तारी के बाद किन्नर समुदाय में संभावित आक्रोश और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मोहरगंज क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और लगातार गश्त कराई जा रही है, ताकि इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे।




