कलेक्ट्रेट सभागार में तेल कंपनियों व गैस वितरकों के साथ हुई समीक्षा बैठक
रिपोर्ट मनोज सिंह चंदौली।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के तेल कंपनियों के प्रबंधकों और एलपीजी गैस वितरकों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय प्रबंधकों ने जानकारी दी कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। सभी गैस वितरकों को उनकी मांग के अनुसार नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है। बैठक में मौजूद वितरकों ने भी इसकी पुष्टि की।
सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील
जिलाधिकारी ने कहा कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर सोशल मीडिया पर गैस की संभावित कमी संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिससे आम लोगों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है और जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है।
जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वाले, जमाखोरी करने वाले या गैस की कालाबाजारी करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि गैस की उपलब्धता को देखते हुए अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर की बुकिंग या घरों में गैस सिलेंडरों का भंडारण न करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
नियमों के उल्लंघन पर होगी कठोर कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग, अनधिकृत भंडारण या अवैध वितरण नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। गैस वितरकों को निर्देश दिया गया कि वे उपभोक्ताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करें और वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता न होने दें।

निरीक्षण व जांच के दिए निर्देश
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को एलपीजी गोदामों, वितरण केंद्रों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर नियमित निरीक्षण करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तलाशी व जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलेवासियों से संयम बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




