विधायक कैलाश आचार्य ,जिलाधिकारी व पुर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह 2.5 करोड़ की जल संरक्षण योजना का करेंगे लोकार्पण*
आज भी लगा है युद्धस्तर पर काम

शहाबगंज (चंदौली)।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर विकास खंड शहाबगंज के तियरां गांव स्थित महारथपुर को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। यहां क्षेत्र पंचायत मद से निर्मित अमृत सरोवर का लोकार्पण 26 जनवरी को अपराह्न दो बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, पुर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह संयुक्त रूप से परियोजना का शुभारंभ करेंगे।
सफाई व सौंदर्यीकरण कार्य अंतिम चरण में
लोकार्पण समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए बीते तीन दिनों से व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। चकिया–चंदौली मुख्य मार्ग पर लटांव से लेकर तियरां महारथपुर तक सफाई कार्य तेज़ी से कराया जा रहा है। वहीं अमृत सरोवर परिसर में सीसी सड़क निर्माण, रंगाई-पुताई और सौंदर्यीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जिससे कार्यक्रम स्थल आकर्षक स्वरूप में नजर आए।

जल संरक्षण व सिंचाई को मिलेगा बल
करीब 2.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह अमृत सरोवर जल संरक्षण, भूजल स्तर सुधार और किसानों की सिंचाई व्यवस्था, ओपन जिम, लाइट ब्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।

सीडीओ ने किया था निरीक्षण
उल्लेखनीय है कि चार दिन पूर्व मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का निरीक्षण किया था तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।

अधिकारियों में समन्वय, तैयारियां तेज
खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर महारथपुर अमृत सरोवर का लोकार्पण विधायक एवं जिलाधिकारी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।

