वाराणसी-प्रयागराज रोड के लाला नगर टोल प्लाजा के पास से दबोचे गए आरोपी, चंदौली में गैंगस्टर एक्ट के मामले में थे वांछित
चंदौली:
स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने चंदौली जिले के थाना चंदौली में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित और 50-50 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय गो-तस्कर पदमा और सज्जाद को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को वाराणसी-प्रयागराज रोड स्थित लाला नगर टोल प्लाजा के पास से दबोचा गया।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि गो-तस्करी के मामले में वांछित दोनों आरोपी वाराणसी-प्रयागराज रोड के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर रविवार को लगभग 1:20 बजे दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
पदमा पुत्र शेरखान, निवासी ग्राम मीरपुर, थाना खुर्जा देहात, जनपद बुलंदशहर,व
सज्जाद पुत्र अख्तर, निवासी मोहल्ला दरबार, थाना कैराना, जनपद शामली बताया गया है
पूछताछ में खुला गो-तस्करी का नेटवर्क
एसटीएफ की पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी वर्ष 2017 से अपने साथियों के साथ मिलकर गो-तस्करी का काम कर रहे थे। आरोपी पशुओं की खरीद-फरोख्त कर उन्हें विभिन्न राज्यों में भेजते थे और अवैध रूप से तस्करी करते थे।
पहले के भी दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2017 में थाना रोहनिया, वाराणसी में गो-तस्करी के मामले में गिरफ्तार किए गए थे। इसके बाद 2022 में चंदौली जिले में भी गो-तस्करी के मामले में गिरफ्तारी हुई थी।
इन मामलों में गोवध अधिनियम, आबकारी अधिनियम और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
गैंगस्टर एक्ट में भी थे वांछित
वर्ष 2023 में थाना चंदौली में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आगे की कार्रवाई जारी
एसटीएफ ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




