5 से 10 फरवरी तक गांव-गांव जनसंपर्क
12 को चकिया में विशाल सभा-प्रदर्शन का निर्णय

शहाबगंज (चंदौली)।
उत्तर प्रदेश किसान सभा एवं खेत मजदूर यूनियन की संयुक्त बैठक ग्राम एकौना में आयोजित की गई। बैठक में 12 फरवरी को प्रस्तावित देशव्यापी आम हड़ताल के संदर्भ में विस्तार से चर्चा की गई और आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति तय की गई।
बैठक में मनरेगा की बहाली, चार मजदूर कोड की वापसी, बिजली विधेयक वापस लेने, स्मार्ट मीटर व प्री-पेड मीटर लगाने पर रोक, कर्ज मुक्ति तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया गया।
गांव-गांव जत्था निकालने का निर्णय
बैठक में निर्णय लिया गया कि 5 से 10 फरवरी तक गांव-गांव जत्था निकालकर किसानों व मजदूरों को जागरूक किया जाएगा। इस दौरान पर्चियां बांटकर 12 फरवरी की आम हड़ताल में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
12 फरवरी को चकिया में विशाल प्रदर्शन
सभी संगठनों ने 12 फरवरी को चकिया में विशाल सभा एवं प्रदर्शन आयोजित करने का सर्वसम्मत निर्णय लिया, जिसमें क्षेत्र के किसान-मजदूर बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
नेताओं ने किया संबोधन
बैठक की अध्यक्षता बदरू दूजा अंसारी एवं रामधर प्रधान ने की। बैठक को जिला मंत्री लालचंद सिंह एडवोकेट ने संबोधित करते हुए कहा कि किसान-मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट संघर्ष ही एकमात्र रास्ता है।
प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी
बैठक में स्वामीनाथ, नंदलाल, रामबडेलाल, पंचूराम सहित दर्जनों साथियों की उपस्थिति रही। सभी ने आम हड़ताल को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने का संकल्प लिया।

