होली पर हुड़दंग बर्दाश्त नहीं: थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह
व्यापारियों व सीएससी संचालकों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश, सीसीटीवी व काउंटर व्यवस्था दुरुस्त रखने का आदेश
शहाबगंज (चंदौली) । आगामी होली पर्व के मद्देनज़र शुक्रवार को शहाबगंज थाना परिसर में प्रधानों ,व्यापारियों, सीएससी संचालकों एवं क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने की।
त्योहार में व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा

बैठक में बाजार की सुरक्षा व्यवस्था, होली के दौरान भीड़ प्रबंधन, रंग-गुलाल की दुकानों की निगरानी, डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियमानुसार संचालन तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट की रोकथाम जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
थानाध्यक्ष ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानें निर्धारित समय पर बंद करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग करने या सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील स्थानों व प्रमुख बाजार क्षेत्रों में विशेष गश्त की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने की अपील की।
सीएससी संचालकों को विशेष निर्देश
बैठक में मौजूद सीएससी संचालकों को अपने-अपने केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही ग्राहकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित काउंटर लगाने, भीड़ नियंत्रण की उचित व्यवस्था करने तथा किसी भी संदिग्ध लेन-देन या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के लिए कहा गया।
थानाध्यक्ष ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज किसी भी अप्रिय घटना की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित होती है, इसलिए कैमरे सही स्थिति में और चालू हालत में रहना आवश्यक है।
सहयोग का दिया आश्वासन
बैठक में मौजूद व्यापारियों व सीएससी संचालकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया।
इस दौरान उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव, रामचंद्र शाही, अंगद सिंह, शिवपुजन सिंह, शिवानंद सिंह, चंद्र शेखर सिंह,प्रधान सजाउद्दीन, सत्येंद्र सिंह,शमशाद सिरताज अंसारी,रामसूचित दुबे,शिवकुमार,गौरव सिंह,रामजीत,परवेज,तरुण सिंह,राम प्रसाद,भोनू गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




