किसान, युवा, गरीब और व्यापारियों के सशक्तिकरण पर केंद्रित है बजट

चंदौली ।
जनपद के प्रभारी मंत्री संजीव गौड़ ने कहा कि वर्ष 2026 का बजट समाज के सभी वर्गों किसान, नौजवान, गरीब, महिला और व्यापारी के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों की आय बढ़ाना, युवाओं को रोजगार से जोड़ना और गरीब वर्ग को आत्मनिर्भर बनाना है।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा कई महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका विस्तार और प्रभाव इस बजट में स्पष्ट रूप से देखने को मिलता है।
उन्होंने कहा कि कृषि, सिंचाई, फसल बीमा, किसान सम्मान और ग्रामीण बुनियादी ढांचे पर विशेष फोकस किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह बजट मील का पत्थर साबित होगा। गरीब, किसान, महिला और युवा सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए 53.5 लाख करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट देश के सामने रखा गया है, जिसे केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रस्तुत किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस बजट से रोजगार सृजन, आर्थिक विकास और सामाजिक सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। साथ ही व्यापारियों और उद्यमियों को भी नई संभावनाएं प्राप्त होंगी, जिससे अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
इस अवसर पर कैलाश आचार्य, काशीनाथ सिंह सहित भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

