नारी सम्मान से ही समाज का उत्थान संभव : प्रियंका सिंह
महिलाएं जागरूक हों, अन्याय के खिलाफ उठाएं आवाज,महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस हमेशा तत्पर : प्रियंका सिंह
शहाबगंज। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को लेकर जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज में नारी का सम्मान ही एक सशक्त और समृद्ध समाज की पहचान है। महिलाओं को केवल घर तक सीमित न रखकर उन्हें शिक्षा, आत्मनिर्भरता और निर्णय लेने के अधिकार में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही है। प्रशासन और पुलिस विभाग भी महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी महिला के साथ अन्याय या उत्पीड़न की घटना होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करना चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि महिला दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करने का अवसर है। परिवार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करें, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा कर सकें।
प्रियंका सिंह ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा पर जोर देने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी समाज और देश भी मजबूत बनेगा।
अंत में उन्होंने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




