अभिलेखों की गहन जांच, कर्मचारियों से पूछताछ

शहाबगंज (चंदौली)। विकास खण्ड मुख्यालय पर गुरुवार को परियोजना निदेशक बृजभान सिंह ने औचक निरीक्षण कर कार्यालय व्यवस्था की हकीकत परखी। उन्होंने एक-एक पटल पर पहुंचकर संचालित योजनाओं की प्रगति, भुगतान की स्थिति तथा लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। कर्मचारियों से लंबित प्रकरणों के संबंध में विस्तार से पूछताछ की गई।
साफ-सफाई, उपस्थिति व ऑनलाइन प्रविष्टियों की पड़ताल
निरीक्षण के दौरान पीडी ने कार्यालय की साफ-सफाई, उपस्थिति पंजिका, पत्रावलियों के निस्तारण और ऑनलाइन फीडिंग की भी जांच की। कुछ अभिलेख अधूरे पाए जाने पर संबंधित कर्मियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

समयबद्ध निस्तारण व पारदर्शिता पर जोर
पीडी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी व समयबद्ध ढंग से पहुंचे। शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और अनावश्यक लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित किया जाए।
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्य में शिथिलता या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी दिनेश सिंह, एडीओ आईएसबी अजय सिंह, एडीओ कोऑपरेटिव सुनील राज पाल, सैयद रोशन जमीर, प्रेमप्रकाश आर्य, राघवेन्द्र सिंह, मनोज टाईगर व धर्मराज सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

