भाईचारे के साथ मनाएं पर्व, अफवाहों से दूर रहें—थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह
शहाबगंज (चंदौली)। आगामी ईद-उल-फितर और चैत्र नवरात्र के मद्देनज़र मंगलवार को थाना शहाबगंज परिसर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने की, जिसमें क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस कर्मियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि दोनों ही पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक हैं। ऐसे में सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

उन्होंने यह भी बताया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण करती रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
बैठक में उपस्थित लोगों ने भी अपने-अपने सुझाव दिए और प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि क्षेत्र में शांति और भाईचारा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव, प्रधान आलमीन अंसारी, सत्येंद्र सिंह, शमशाद अंसारी, सतीश सिंह, मुकुल मौर्य, सिरताज अंसारी, राजेश यादव, शिवकुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




