नई परंपरा शुरू न करने की अपील
चन्दौली
जनपद में आगामी नवरात्रि, रामनवमी एवं ईद-उल-फितर पर्वों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन चन्दौली के नवीन सभागार शुक्रवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने संयुक्त रूप से की। जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारी संगठनों के सदस्यों एवं अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि सभी पर्व हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। इन्हें आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए, जिससे अनावश्यक विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सके। बैठक में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या गलत संदेशों की निगरानी के लिए विशेष टीम सक्रिय कर दी गई है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर, एसडीएम, क्षेत्राधिकारी, विभागीय अधिकारी, धर्मगुरु एवं जनपद के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




