चंदौली धानापुर कस्बे में स्थित शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ड्यूटी के दौरान एक चौकीदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के सिहावल गांव निवासी 35 वर्षीय उपेंद्र यादव उर्फ ‘पांचू’ के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया, वहीं कॉलेज परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सुबह बंद मिला गेट, अंदर अचेत अवस्था में पड़े थे चौकीदार
स्वजनों के अनुसार, उपेंद्र यादव गुरुवार रात करीब नौ बजे भोजन करने के बाद कॉलेज परिसर में ड्यूटी पर गए थे। शुक्रवार सुबह सरस्वती पूजा के आयोजन को लेकर कॉलेज पहुंचे लोगों ने जब मुख्य द्वार अंदर से बंद पाया और मोबाइल पर कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो किसी तरह अंदर प्रवेश किया गया। अंदर उपेंद्र यादव अचेत अवस्था में पड़े मिले।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उपेंद्र यादव को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पत्नी और दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, जांच शुरू
मृतक अपने पीछे पत्नी नीतू, 11 वर्षीय पुत्र नमन और 7 वर्षीय पुत्री रूही को छोड़ गए हैं। वह छह भाइयों में पांचवें स्थान पर थे। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

