
शहाबगंज।
जिला ओलम्पिक संघ के तत्वावधान में आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता का आयोजन चकिया स्थित एक निजी लॉन में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ चकिया नगर के चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने मशाल प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को किसी न किसी खेल में अवश्य भाग लेना चाहिए। खेल से जहां शरीर स्वस्थ रहता है, वहीं खिलाड़ी खेल के माध्यम से अपने क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन करते हैं।
प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 70 किलोग्राम भार वर्ग में अरेना जिम के प्रद्युम्न चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 60 किलोग्राम भार वर्ग में आकाश चौहान ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि 65 किलोग्राम भार वर्ग में गौरव चौहान विजेता बने। वहीं 50 किलोग्राम भार वर्ग में शहरयार ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला ओलम्पिक संघ के कोषाध्यक्ष शरद राव, उपाध्यक्ष नीरज गुप्ता, कोतवाल अर्जुन सिंह, उत्कर्ष मिश्रा, अनुपम यादव, विकास खरवार तथा समाजसेवी सिंहासन सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

