अलविदा जुमे की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न,
शहाबगंज (चंदौली)। रमजान माह के आखिरी जुमे यानी अलविदा जुमे की नमाज को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। नमाज के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा।
शहाबगंज थाना प्रभारी प्रियंका सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र की प्रमुख मस्जिदों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखी। नमाज के समय पुलिसकर्मी मय फोर्स क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

क्षेत्र के बड़गावां, ठेकहां, करनौल, सिहोरिया, शहाबगंज कस्बा, एकौना, अमरसीपुर व किड़िहिरा सहित कई गांवों की मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अलविदा जुमे की नमाज अदा की और देश में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।
इस दौरान मस्जिदों के आसपास पुलिस की विशेष निगरानी रही, जिससे नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकी। थाना प्रभारी प्रियंका सिंह ने बताया कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है। इस दौरान हेड कांस्टेबल बालकृष्ण मौर्य,नीतू भारती सहित पुलिसकर्मी मौजूद थे।




