3970 डिब्बी कूटरचित लेबल वाली होम्योपैथिक दवा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
चंदौली
उत्तर प्रदेश पुलिस की सख्त चेकिंग के दौरान थाना चंदौली पुलिस ने मंगलवार की देर शाम निर्माणाधीन ओवरब्रिज के समीप बड़ी कार्रवाई करते हुए 3970 डिब्बी अवैध औषधि के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। बरामद दवाएं चार प्लास्टिक बोरियों में मोटरसाइकिल से बिहार की ओर ले जाई जा रही थीं।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम नवीन मंडी क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ओवरब्रिज के पास संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई।
चार बोरियों में भरी थीं हजारों गोलियां
तलाशी में मोटरसाइकिल संख्या BR 24 AQ 4691 से 04 बोरियों में कुल 3970 डिब्बी बरामद हुई। प्रत्येक डिब्बी में 40 टैबलेट्स पाई गईं। बरामद दवाओं पर “NEW ORTHO POWER original tablets HOMOEO MEDICINE” का लेबल चस्पा था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कूटरचित लेबल तैयार कर दवाओं को अधिक मूल्य पर बेचता था।
बिहार का निवासी है आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शमशेर आलम (38) पुत्र नसीरुद्दीन, निवासी पारसथूआ, थाना कोचस, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किया गया।
धोखाधड़ी व जालसाजी की धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने मु0अ0सं0 47/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में उ0नि0 तरुण कश्यप, उ0नि0 वीरेन्द्र कुमार, हे0का0 धीरेन्द्र यादव व का0 संजय कुमार पटेल शामिल रहे।

