भारत माला परियोजना से जुड़े वाहन चालकों के साथ बैठक, नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी
शहाबगंज (चंदौली):सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शहाबगंज पुलिस ने एक अहम पहल के तहत भारत माला परियोजना से जुड़े डंपर चालकों एवं वाहन मालिकों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में यातायात नियमों के पालन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारी वाहनों का संचालन अत्यंत जिम्मेदारी का कार्य है। उन्होंने सभी चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सतर्कता के साथ वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन करने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तेज रफ्तार, लापरवाही और ओवरलोडिंग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों और वाहन मालिकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने यह भी कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। बैठक में मौजूद चालकों ने भी नियमों के पालन का आश्वासन दिया।



