नई खेल नीति-2023 से ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, मेरठ में खेल विश्वविद्यालय बना नया केंद्र,
रिपोर्ट मनोज सिंह ,चकिया (चंदौली)। शहाबगंज विकासखंड के ताला गांव में युवा शक्ति वनांचल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय वॉलीबॉल, दौड़ एवं रस्साकसी प्रतियोगिता का समापन रविवार को उत्साह और उमंग के माहौल में हुआ। समापन समारोह में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल व स्पोर्ट्स सूट प्रदान कर सम्मानित किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की।

प्रतियोगिता में पंडित बच्चन जी महाविद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। मंत्री ने स्वयं छात्राओं को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा दौड़ और रस्साकसी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
सरकार ग्रामीण प्रतिभाओं को दे रही प्राथमिकता

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए प्रतिबद्ध है। नई खेल नीति-2023 के तहत चिन्हित खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ओलंपिक, एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी और आकर्षक पुरस्कार देने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने विश्व चैंपियन एथलीट पारुल चौधरी का उदाहरण देते हुए बताया कि सरकार ने उन्हें तीन करोड़ रुपये की धनराशि व डीएसपी पद प्रदान कर सम्मानित किया है। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों में नया उत्साह पैदा हुआ है।
खेल विश्वविद्यालय व इंजरी सेंटर से मिलेगा लाभ

मंत्री ने कहा कि मेरठ में स्थापित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय प्रदेश में खेल शिक्षा का बड़ा केंद्र बन रहा है। इसके माध्यम से स्पोर्ट्स कॉलेजों को जोड़ा जा रहा है और खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। लखनऊ में आधुनिक इंजरी सेंटर का कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिससे खिलाड़ियों को उपचार के लिए अन्य राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि एकलव्य कोष के जरिए खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के खर्च का वहन प्रदेश सरकार करेगी। सरकार का उद्देश्य है कि गांव-देहात की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम का समापन मंत्री ने वॉलीबॉल उछालकर किया। इस अवसर पर विधायक कैलाश आचार्य, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, श्याम जी सिंह, डॉ प्रदीप मौर्या, रामाशीष मौर्य, ग्राम प्रधान नारायण यादव, रिंकू विश्वकर्मा, चंदन श्रीवास्तव, रामभरोस यादव, भूपेंद्र सिंह, अजय सिंह सपना, रामप्रकाश सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। संचालन संतोष यादव ने किया।

