310 रुपए के सहयोग से बन रहा सहारा, टीएससीटी से जुड़कर 516 परिवारों को मिली मदद
छ: साल में 227 करोड़ की मदद,टीचर सेल्फ केयर टीम की कार्यशैली से प्रभावित हुए शिक्षक
शहाबगंज (चंदौली)। ब्लाक संसाधन केंद्र (बीआरसी) सभागार में रविवार को टीचर सेल्फ केयर टीम (TSCT) उत्तर प्रदेश द्वारा जिला एवं ब्लाक इकाई शहाबगंज की कार्यकारिणी का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में टीम की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और अब तक की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद वक्ताओं ने टीचर सेल्फ केयर टीम की स्थापना, उद्देश्य और समाज में किए जा रहे सहयोगात्मक कार्यों की जानकारी दी। बताया गया कि टीम की स्थापना 26 जुलाई 2020 को विवेकानंद आर्या द्वारा की गई थी। इस टीम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों व उनके परिवारों को आर्थिक व सामाजिक संबल प्रदान करना है।
वक्ताओं ने बताया कि टीएससीटी से अब तक कुल 4,23,138 लोग पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें से लगभग एक लाख लोग किसी कारणवश नियमित सहयोग नहीं कर पाते हैं। इसके बावजूद टीम द्वारा पिछले छह वर्षों में करीब 227 करोड़ 38 लाख रुपये का सहयोग एकत्रित किया जा चुका है, जिससे 516 परिवारों को आर्थिक सहारा दिया गया है।

बताया गया कि टीम के सदस्य हर महीने मात्र 310 रुपये का सहयोग करते हैं, जिसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की मदद की जाती है। जीवनदान योजना के अंतर्गत किसी सदस्य की आकस्मिक मृत्यु या दुर्घटना होने पर उसके परिवार को आर्थिक सहायता दी जाती है। वहीं कन्यादान योजना के तहत किसी सदस्य की बेटी के विवाह में भी टीम सहयोग प्रदान करती है। इसके अलावा यदि किसी सदस्य को दवा या इलाज के अभाव में परेशानी होती है तो टीम उसकी भी मदद करती है, ताकि कोई भी व्यक्ति इलाज के अभाव में परेशान न रहे।

जिले के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि चंदौली जिले में अब तक 4941 शिक्षक इस टीम से जुड़ चुके हैं, जिनमें से 3791 शिक्षक नियमित सहयोग कर रहे हैं। सम्मेलन में वक्ताओं ने नेशनल सेल्फ केयर टीम (NSCT) से भी जुड़ने का आह्वान किया। बताया गया कि इस टीम में सरकारी व निजी कर्मचारी, व्यवसायी, किसान व मजदूर भी जुड़ सकते हैं और मात्र 50 रुपये मासिक सहयोग देकर जरूरतमंदों की मदद कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिले के सभी ब्लाकों के पदाधिकारियों को माला व अंगवस्त्र पहनाकर तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाध्यक्ष विरेंद्र यादव ने कहा कि सभी शिक्षक प्रतिदिन कम से कम एक व्यक्ति को इस टीम से जोड़ने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सामूहिक सहयोग से जनपद में सेवा कार्यों को और अधिक गति मिलेगी और समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों के बीच विचार क्रांति पत्रिका का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर बिरेंद्र यादव, कन्हैयालाल गुप्ता, देवेन्द्र प्रसाद मौर्य, आनंद गुप्ता, निठोहर सत्यार्थी, उषा सिंह, सीमा सिंह, मुकेश चौबे,निशा चौरसिया,प्रवीण पांडेय, सौरभ मौर्य, विनोद कुमार, आदर्श सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।




