काली पट्टी बांधकर जताया विरोध, पुराने शिक्षकों को TET से मुक्ति की मांग भी उठी
शहाबगंज (चंदौली)। अपनी लंबित मांगों और विभागीय समस्याओं को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। शहाबगंज ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) सभागार में आयोजित बैठक में आज जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। बैठक की अध्यक्षता राजेश सिंह ने की।
बैठक के दौरान शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। शिक्षकों का कहना था कि लंबे समय से उनकी समस्याएं लंबित हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। काली पट्टी बांधकर उन्होंने शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकृष्ट करने का प्रयास किया।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि कई बार ज्ञापन और वार्ता के माध्यम से समस्याओं के समाधान की पहल की गई, लेकिन सकारात्मक परिणाम नहीं मिले। ऐसे में अब शिक्षक लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील करते हुए बताया कि आज दोपहर 3 बजे बीएसए कार्यालय पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में पुराने शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) से मुक्ति दिलाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर TET की अनिवार्यता थोपना न्यायसंगत नहीं है। जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्षों ने निर्णय लिया कि आज 3 बजे प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में इस मांग को प्रमुख एजेंडे के रूप में रखा जाएगा।
धरना-प्रदर्शन को सफल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत रणनीति बनाई गई है। ब्लॉक स्तर पर संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक शिक्षकों को जोड़ने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी गई।
बैठक में रामजनम यादव, प्रवीण पांडेय, उपेंद्र जायसवाल, असफकुर्रहमान, प्रमोद यादव, राहुल मौर्य, विवेक जायसवाल और शमशेर सिंह,अजय गुप्ता, प्रमोद गौतम, विनोद सिंह, संतोष कुमार, दिनेश,नसीम अहमद,विनय तिवारी, प्रवीण कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

