हड़ौरा में माकपा व किसान सभा की बैठक, गांव-गांव जत्था निकालने का निर्णय
शहाबगंज । हड़ौरा में सोमवार को कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी एवं ऑल इंडिया किसान सभा की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में 24 मार्च को दिल्ली चलो तथा सांसद घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता लालचंद सिंह एड ने कहा कि भारत-अमेरिका समझौता रद्द करने, प्रस्तावित ट्रेड डील समाप्त करने, मनरेगा की बहाली, चार श्रम कानूनों की वापसी, सरकारी उपक्रमों के निजीकरण पर रोक, 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने तथा मीटर लगाने की प्रक्रिया बंद करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने की बात कही।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान नीतियां किसान और मजदूर विरोधी हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि 6 मार्च से लगातार गांव-गांव जत्था निकालकर सभाएं की जाएंगी और सरकार की नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों सहित करीब 50 कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर 24 मार्च को अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने का संकल्प लिया। रैली की तैयारी के लिए प्रचार-प्रसार, गांव बैठक, पर्चा वितरण व संपर्क अभियान का विस्तृत कार्यक्रम भी तय किया गया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसान, मजदूर और आम जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा और मांगें पूरी होने तक आंदोलन तेज किया जाएगा




