चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के पसाई–कटसिलवा मार्ग पर बुधवार सुबह एक फोर व्हीलर कार अनियंत्रित होकर अगहर बीर–बहुरिया नहर में पलट गई। संयोग अच्छा रहा कि कार में सवार दोनों युवक सुरक्षित बचा लिए गए। ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

नहर में गिरते ही मची अफरातफरी
जानकारी के अनुसार सैयदराजा निवासी समीर (30) अपने साथी सद्दाम (22) के साथ धानापुर से सैयदराजा अपने घर जा रहे थे। सुबह करीब पांच बजे कटसिलवा गांव के पास नहर के खतरनाक मोड़ पर कार अचानक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। पानी अधिक होने के कारण कार डूबने लगी, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
ग्रामीणों ने बाहर निकाला

कार को नहर में गिरते देख सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने शोर मचाया और तत्काल मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाल लिया। इसके बाद आसपास के गांवों से भी लोगों की भीड़ जुट गई।
जेसीबी से बाहर निकाली गई कार
घटना की सूचना के बाद पास के गांव से जेसीबी मंगाकर कड़ी मशक्कत के बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार को नुकसान पहुंचा है।
खतरनाक मोड़ पर सुरक्षा इंतजाम की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थान पर तीखा और खतरनाक मोड़ होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने सड़क किनारे रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड व संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

